बीकानेर अपडेट, बीकानेर। नगर स्थापना दिवस के अवसर पर 15 से 19 अप्रैल तक शहर में विविध सांस्कृतिक, धार्मिक और साहित्यिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) रमेश देव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि राव बीकाजी संस्थान, लक्ष्मीनाथ मंदिर पर्यावरण विकास समिति और नगर थरपणा उछब समिति के संयुक्त तत्वावधान में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राव बीकाजी संस्थान द्वारा 15 से 17 अप्रैल तक महारानी सुदर्शन कला दीर्घा में एंटिक्स प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं 16 अप्रैल को महिला मंडल स्कूल हॉल में शाम 6 बजे लोकगीत परंपरा गायन, 17 अप्रैल को चौपाटी परिसर में त्रिभाषा काव्य संगम, 18 अप्रैल को होटल लक्ष्मी निवास पैलेस में विचार गोष्ठी और 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे जूनागढ़ के पास राव बीकाजी प्रतिमा स्थल पर प्रतिमा पूजन व सम्मान समारोह के साथ मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
लक्ष्मीनाथ मंदिर पर्यावरण विकास समिति द्वारा 16 अप्रैल को लक्ष्मीनाथ मंदिर में चंदा महोत्सव तथा 17 अप्रैल को सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। वहीं नगर थरपणा उछब समिति के तत्वावधान में 17 अप्रैल को लक्ष्मीनाथ मंदिर में गढ़ गणेश मंदिर पूजन, बारह गुवाड़ में सांस्कृतिक कार्यक्रम व कवि सम्मेलन तथा 18 अप्रैल को धरणीधर मैदान में चंदा महोत्सव और जस्सूसर गेट के अंदर दीपदान कार्यक्रम होंगे।
इसके अलावा देवस्थान विभाग द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर लक्ष्मीनाथ मंदिर और देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर रमेश देव ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किए जाएं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निगम को साफ-सफाई, पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव कुलराज मीणा, नगर निगम राजस्व अधिकारी प्रगति सोलंकी, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी, राव बीकाजी संस्थान के प्रतिनिधि नरेन्द्र सिंह स्याणी, राजेन्द्र जोशी, कमल रंगा, अजीज भुट्टा, नगर थरपणा उछब समिति के दीपक पारीक व आशा आचार्य, लक्ष्मीनाथ मंदिर पर्यावरण समिति के सीताराम कच्छावा सहित कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी संजय पुरोहित मौजूद रहे।





