बीकानेर अपडेट, बीकानेर। जिला कलक्टर निशांत जैन ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बजट घोषणाएं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान कलक्टर ने 15 विभागों से जुड़ी 125 से अधिक बजट घोषणाओं की बिंदुवार समीक्षा की और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रोजाना प्रगति की समीक्षा करें, कार्यों के लिए माइलस्टोन तय करें और उसी के अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिन योजनाओं में एक से अधिक विभाग शामिल हैं, उनमें आपसी समन्वय बेहतर रखने और फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पूर्ण कार्यों को सीएमआईएस पोर्टल पर समय पर अपडेट करने के लिए कहा गया।
जिला कलक्टर ने मानसून से पहले सड़क निर्माण, मरम्मत और नालों से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने बजट घोषणाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए 24 अप्रैल को प्रस्तावित राजस्व अधिकारियों की बैठक से पूर्व सभी प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
समीक्षा के दौरान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर माइंस की स्थापना, अमृत योजना के कार्य, कोटगेट और सांखला फाटक आरयूबी निर्माण, कपिल सरोवर के सौंदर्यकरण, आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, कोठारी अस्पताल से बाबूलाल फाटक तक नाला निर्माण और विधानसभा स्तरीय जनसुनवाई केंद्रों के निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस स्वाति शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव कुलराज मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





