बीकानेर अपडेट, बीकानेर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) वृत्त बीकानेर के अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगरिया ने जानकारी दी है कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना विभाग द्वारा प्रस्तावित नहरबंदी को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पहले यह नहरबंदी 12 अप्रैल से लागू होनी थी, लेकिन अब इसे लगभग पांच दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता सिंगरिया के अनुसार नहरबंदी की नई तिथि इंदिरा गांधी नहर विभाग द्वारा अलग से सूचित की जाएगी। उसी के अनुरूप आगामी समय में जल वितरण व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा भविष्य में किसी भी बदलाव की सूचना समय रहते आमजन को दी जाएगी।





