बीकानेर अपड़ेट। प्रदेशभर में आज रात को एक घंटे के लिए गैर जरूरी लाइटें बंद रहेगी। शनिवार की रात राजस्थान के लिए कुछ अलग होने वाली है। दुनिया के सबसे बड़े पर्यावरण अभियान अर्थ ऑवर डे के अवसर पर आज पूरा प्रदेश एक घंटे के लिए बिजली उपकरणों को विश्राम देगा। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रदेशवासियों से इस वैश्विक मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की मार्मिक अपील की है।
इस अभियान के तहत आज रात8:30 बजे से 9:30 बजे तक लोकभवन सहित तमाम सरकारी इमारतों की गैर-जरूरी लाइटें बंद कर दी जाएंगी। यह पहल न केवल ऊर्जा संरक्षण का संदेश दे रही है, बल्कि राजस्थान को पर्यावरण सुरक्षा के वैश्विक नक्शे पर मजबूती से खड़ा कर रही है।
आज शनिवार रात 8.30 बजे जैसे ही अर्थ ऑवर’ शुरू होगा, जयपुर स्थित लोकभवन की सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद कर दी जाएंगी। राज्यपाल बागडे ने स्वयं इसकी निगरानी करने और आमजन को प्रेरित करने का बीड़ा उठाया है।राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि यह महज एक घंटे की बिजली कटौती नहीं है, बल्कि हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए एक निवेश है। राज्यपाल ने कहा, एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइट्स बंद रखकर हम सामूहिक तौर पर ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल कर पाएंगे। पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है और इसमें हर राजस्थानी की सहभागिता जरूरी है।





