बीकानेर अपडेट , 29 अप्रैल। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दंतौर में खाजूवाला ब्लॉक की मासिक स्वास्थ्य मंथन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सी. एस. मोदी और खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार द्वारा की गई। बैठक से पूर्व अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, जिसमें साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, लू से बचाव के लिए बनाए गए विशेष वार्ड और रिकॉर्ड का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एचपीवी टीकाकरण और टीबी मुक्त पंचायत पर जोर:
डॉ. सी. एस. मोदी ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष तक की पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कर अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही टीबी मुक्त ग्राम पंचायत की 100 दिवसीय कार्य योजना को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
हीट वेव और मौसमी बीमारियों से बचाव:
बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए डॉ. अश्विनी कुमार ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम और हीट वेव प्रबंधन पर चर्चा की। उन्होंने आमजन को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के लिए जागरूक करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर शीतल जल व अन्य जरूरी इंतजाम रखने के निर्देश दिए। बैठक में हेड काउंट सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई और सर्वे कार्य को समय पर पूरा करने को कहा गया।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सरकारी योजनाएं:
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। राजस्थान सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं जैसे लाडो प्रोत्साहन योजना और जननी सुरक्षा योजना के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जीवराज सिंह ने ई-संसाधन और अन्य डिजिटल पोर्टल पर समय पर रिपोर्टिंग करने के बारे में जानकारी दी।
अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों को चेतावनी:
अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने कार्यक्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और मुख्यालय नहीं छोड़ने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में जापाईगो के जीवराज सिंह, हेतराम बेनीवाल, डॉ. प्रताप सिंह, गिरिराज, आनंद पुरोहित, मदनलाल, राजेंद्र, सत्यम दुबे सहित सभी स्वास्थ्य मार्गदर्शक, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।





