बीकानेर अपडेट। बीकानेर में अब निकाय चुनावों को लेकर चुनावी हलचल तेज हो गयी है। भाजपा-कांग्रेस के साथ-साथ कई दल भी अब अपने प्रत्याशियों को चुनवी रण में उतारने को तैयार है। इसी बीच आम आदमी पार्टी ने चुनाव में 80 वार्डो में प्रत्याशियों को उताारने का एलान कर दिया है। पार्टी का संगठनात्मक ढांचा तैयार हो चुका है और जिला चुनाव समिति का गठन भी किया जा चुका है।
आम आदमी पार्टी के राजस्थान प्रदेश सह-प्रभारी त्रिलोक दीप ने कहा कि पार्टी को प्रत्येक वार्ड से मजबूत स्थानीय चेहरों की तलाश है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव किसी एक व्यक्ति का चुनाव नहीं, बल्कि पूरे वार्ड और वार्डवासियों के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता को अपने बीच से ऐसे व्यक्ति को आगे लाना चाहिए जो ईमानदार, कर्मठ, शिक्षित, जनसेवा के प्रति समर्पित और अपने वार्ड की समस्याओं से परिचित हो। ऐसा प्रतिनिधि ही जनता की आवाज को नगर निकाय तक मजबूती से पहुंचाकर वार्ड और शहर के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
प्रदेश सह-प्रभारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कोशिश है कि बाहर से किसी चेहरे को थोपने के बजाय वार्ड के बीच से ही नेतृत्व तैयार किया जाए। जो व्यक्ति वर्षों से अपने वार्ड के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा है और स्थानीय समस्याओं के लिए आवाज उठाता रहा है, उसे राजनीति में आगे आने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा,यह केवल पार्षद चुनने का चुनाव नहीं है, यह तय करने का चुनाव है कि अगले पांच साल आपके वार्ड की आवाज कौन बनेगा।
आम आदमी पार्टी ने बीकानेर के सभी 80 वार्डों के नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके वार्ड में कोई ईमानदार, कर्मठ, शिक्षित और जनसेवा की भावना रखने वाला व्यक्ति है, तो उसे चुनावी मैदान में आगे आने के लिए प्रेरित करें। पार्टी का कहना है कि टिकट के दावेदारों में केवल चुनाव जीतने की इच्छा नहीं, बल्कि जनता के लिए काम करने का संकल्प और वार्ड के प्रति जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी।
जिलाध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रयास है कि 80 वार्डों में ऐसे प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएं जो जनता के बीच से आए हों और अपने क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को जानते हों। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि प्रत्येक वार्ड को ऐसा प्रतिनिधि मिले जो चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे पांच साल जनता के बीच खड़ा रहे। ईमानदार और कर्मठ स्थानीय चेहरों को पार्टी पूरी प्राथमिकता के साथ अवसर देगी। जिला महासचिव प्रोफेसर सलवीर समेजा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ चुनाव लडऩा नहीं, बल्कि प्रत्येक वार्ड में मजबूत जनसंपर्क और मजबूत संगठन खड़ा करना है। उन्होंने कहा, जो भी युवा, सामाजिक कार्यकर्ता या आम नागरिक अपने वार्ड की जनता के लिए काम करने का संकल्प रखता है, वह आगे आए। राजनीति में बदलाव तभी आएगा जब आम परिवारों और जनता के बीच से ईमानदार लोग आगे आकर नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।
आम आदमी पार्टी ने कहा है कि आने वाला नगर निकाय चुनाव हर वार्ड के लिए एक अवसर है। ऐसे में जो व्यक्ति अपने वार्ड की सड़क, सफाई, पानी, स्ट्रीट लाइट, नाली, पार्क, यातायात और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करना चाहता है, वह पार्टी की टिकट के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकता है।





