ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में नियमानुसार किया गया नष्टीकरण
बीकानेर अपडेट।। बीकानेर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में 46 प्रकरणों में जब्तशुदा मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान 46 अभियोगों में जब्त 184.792 किलोग्राम डोडा पोस्त, 10.830 किलोग्राम गांजा, 207.05 ग्राम एमडी, 52.08 ग्राम स्मैक, 41.95 ग्राम एमडीएमए तथा अफीम के पौधे और 92 पौधों से प्राप्त 3.363 ग्राम सामग्री को नष्ट किया गया। इन जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख 18 हजार 075 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में की गई। कमेटी में जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़, पुलिस निरीक्षक अपराध सहायक सुजान जी माखन, लक्ष्मण जी एचसी तथा श्रवण कुमार कानि सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बीकानेर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ जब्त किए गए मादक पदार्थों के नियमानुसार नष्टीकरण की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाते हुए आमजन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।





