बीकानेर अपडेट, बीकानेर। जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खासकर नोखा विधानसभा क्षेत्र में मौसम की मार से खेतों में तैयार फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। किसानों की मेहनत और उम्मीदों पर पड़े इस प्राकृतिक प्रहार से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
इस मामले को लेकर पूर्व अध्यक्ष, केश कला बोर्ड राजस्थान सरकार महेन्द्र गहलोत ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और उपखंड प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे करवाने और वास्तविक नुकसान का आंकलन करने की मांग की है। साथ ही किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की अपील की है, ताकि उन्हें इस कठिन समय में राहत मिल सके।
गहलोत ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।





