बीकानेर अपडेट, बीकानेर। जिले मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीती रात 10 बजे के बाद चली ठंडी हवाओं ने गर्मी के बीच सर्दी का अहसास करा दिया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय हुए नए और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ का असर बीकानेर संभाग में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।
शुक्रवार सुबह जारी येलो अलर्ट में बीकानेर सहित श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बाड़मेर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, जोधपुर और अजमेर जिलों में बारिश, तेज हवाएं, मेघगर्जन और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं 3 अप्रैल के लिए बीकानेर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें धूलभरी आंधी, मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
बीती रात न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दिन में दक्षिण-पश्चिमी दिशा से करीब 14 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और दोपहर तक मौसम और बिगड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 4 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान बीकानेर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। 5 अप्रैल से मौसम धीरे-धीरे साफ होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वहीं 7 और 8 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में दोबारा बदलाव आ सकता है।





