बीकानेर अपडेट। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच दुनियाभर में गैस और पेट्रोल के लिए हाहाकार मच रही है। इसका सीध असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। बीते दिनों ही इसी युद्ध के चलते गैस और पेट्रोल को लेकर कई मर्तबा अफवाहें भी बाजार में तैरती रही लेकिन सरकार की और से कहा गया कि ऐसी कोई समस्या फिलहाल देश में नहीं है।
इसी बीच सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए की कटौती कर दी है। पेट्रोल पर ड्यूटी 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए, जबकि डीजल पर 10 से शून्य कर दी गई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी दी। यूएस-इजराइल के साथ ईरान की जंग के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 73 डॉलर से बढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। इससे तेल कंपनियों को घाटा हो रहा था। घाटा कवर करने के लिए तेल कंपनियां दाम बढ़ा सकती थीं। एक्साइज ड्यूटी घटाकर पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिर रखा गया है।
पीएम करेंगे देश के सीएम से बात
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच आज पीएम नरेन्द्र मोदी आज देशभर के सीएम से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 27 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे। इसमें ईरान जंग के बाद बिगड़े हालात पर चर्चा संभव है। चुनावी राज्यों के सीएम इसमें शामिल नहीं होंगे। मोदी ने 24 मार्च को राज्यसभा में कहा था कि ईरान जंग जारी रही तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। आने वाला समय कोरोनाकाल जैसी परीक्षा वाला होगा। केंद्र और राज्य को मिलकर काम करना होगा। वहीं, सरकार ने आज देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी की खबरों को खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि दुनिया में कुछ भी हो जाए, भारत के पास 60 दिन का पेट्रोल, डीजल है।
राजस्थान में नायरा ने बढ़ाए दाम– मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते राजस्थान सहित देशभर में नायरा ने अपने पेट्रोल पंप पर दरों में इजाफ किया है। नायरा ने राजस्थान में 900 पेटोल पंप है। वहीं देशभर में करीब साढ़े सात हजार पेट्रोल पंप है ऐसे में नायरा के पेट्रोल पंप पर दरों में इजाफा हो गया है।





